Uttrakhand News:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी विधानसभा चम्पावत के सीमांत क्षेत्र बनबसा को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जनपद में 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के जरिए आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर काम करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों के लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर में बनेगा आधुनिक बस अड्डा, शारदा कॉरिडोर पर काम जारी
सीएम धामी ने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है। इस कॉरिडोर की कुल परियोजना लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है। पूर्णागिरि धाम में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
बेटियों को मिलेगा खेल प्रतिभा निखारने का अवसर
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार: धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम आदर्श चम्पावत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और उसका काम केवल सरकार पर आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
Also read: Uttarakhand News: CM योगी ने हरिद्वार में मां सावित्री देवी को दी अंतिम विदाई, बाबा रामदेव ने उन्हें 'राष्ट्रमाता' कहा