Uttrakhand News:उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना महिला सशक्तिकरण नहीं है, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व के समान अवसर देना असली सशक्तिकरण है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के हर स्तर पर निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगी, तभी महिला सशक्तिकरण का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में रुचि भट्ट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पहल है।
उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक आरक्षण का विषय नहीं है, बल्कि देश की आधी आबादी को नीति निर्माण और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में उचित स्थान देने का प्रयास है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनेगा।
हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं महिलाएं
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता, कृषि, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। महिला आरक्षण इस बदलाव को राजनीतिक और संवैधानिक स्तर पर आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। बेटियों को अवसर, महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व के लिए समान मंच उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महिला आरक्षण पर राष्ट्रीय सहमति की अपील
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी एक राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि देश की आवश्यकता है। महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सहमति बननी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति, ग्रामीण और वंचित वर्गों की महिलाओं को भी नेतृत्व के अवसर देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी हमेशा शक्ति, सृजन और नेतृत्व का प्रतीक रही है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के साहस और नेतृत्व का उदाहरण रहा है।
प्रेस वार्ता में महिला मोर्चा की पदाधिकारी रहीं मौजूद
रुचि भट्ट ने विश्वास जताया कि महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी विकसित भारत के संकल्प को नई शक्ति देगी और आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए नेतृत्व के नए रास्ते खोलेगी। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल और सह कार्यालय प्रभारी बबली चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।
Also read: Uttarakhand News: आपदा और सड़क हादसों में मदद करने वालों को मिलेगा पुरस्कार, CM धामी ने की 4 महत्वपूर्ण घोषणाएं