Uttrakhand News: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 175 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। इस दौरान उनके साथ पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों, नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को देशवासियों के सामने रखते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार लोगों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हैं। सभी को इन संदेशों को अपने जीवन में अपनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
गणेश जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण में युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजने और वापस पाने के लिए 'संचार साथी' पोर्टल की सुविधाओं के इस्तेमाल के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संदेश आम नागरिकों को जागरूक बनाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मंजीत रावत, मोहन पेटवाल, सतीश ढौडियाल, अमरदेव भट्ट और आशीष जोशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Also read: अग्निकांड पीड़ितों के आंसू पोंछने पहुंचे CM धामी, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ है