Uttrakhand News:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत पांच राज्यों में आयोजित की जा रही नमो क्रिकेट लीग-2026 के उत्तराखंड संस्करण का शनिवार को देहरादून में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचकर लीग का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
नमो क्रिकेट लीग-2026 में पांच राज्यों से करीब 3,200 टीमें और 50 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश भी दिया गया।
क्रिकेट के जरिए दिया जा रहा संदेश
आयोजकों के मुताबिक, क्रिकेट के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ना, खेल भावना को बढ़ावा देना और नशे के खिलाफ जनजागरूकता पैदा करना लीग के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल और फिटनेस को जन आंदोलन का स्वरूप देकर युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति उत्साह पैदा किया है। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर तरुण भंडारी, पॉलिटिकल एडवाइजर, मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा शुरू की गई यह लीग युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’के संदेश को युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
गणेश जोशी ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
गणेश जोशी ने लीग में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करीब 3,200 टीमों और 50 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन की व्यापकता और युवाओं के उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में इस तरह के अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में अमन बंसल, रंजीत सिंह मन्न, सुमित अदलखा, आदित्य विक्रम सिंह, अंशुल चावला, निलेश पाठक, जगदीश रेग्मी, भाजपा मंडल महामंत्री किरण, सपना मल, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, माया राणा सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
Also read: Uttarakhand News: 2.67 लाख विद्यार्थियों की आवाज अब पहुंचेगी CM धामी तक, 140 युवाओं से सीधा संवाद