Uttrakhand News: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गति देने के उद्देश्य से देहरादून की 11 यूके बटालियन में सजग इंडिया की ओर से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 300 से अधिक NCC कैडेटों ने हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद एडवोकेट ललित जोशी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए युवाओं से नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
ललित जोशी ने सजग इंडिया की ओर से पिछले 18 वर्षों से चलाए जा रहे नशामुक्ति और युवा जागरूकता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से प्रदेशभर में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने NCC कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक कैडेट अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर सकता है। युवाओं की ऐसी छोटी-छोटी पहल आगे चलकर बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है।
नशे के खिलाफ लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी: ललित जोशी
ललित जोशी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य पर असर डालता है। उन्होंने कहा, "नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। हमारा संकल्प होना चाहिए—नशामुक्त परिवार, नशामुक्त समाज और नशामुक्त उत्तराखंड।"
कार्यक्रम में मौजूद NCC अधिकारियों ने भी कैडेटों को अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कर्नल आर. एस. एस. रावत, सूबेदार मेजर जिया लाल शाह और सूबेदार मेजर कमलेश रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कैडेटों ने नशे से दूर रहने की ली शपथ
युवा संवाद के दौरान कैडेटों ने नशे की समस्या, इसके दुष्परिणामों और रोकथाम में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर 300 से अधिक NCC कैडेटों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ ली।
Also read: अग्निकांड पीड़ितों के आंसू पोंछने पहुंचे CM धामी, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ है