Search KhabarFast

Press ESC to close

अग्निकांड पीड़ितों के आंसू पोंछने पहुंचे CM धामी, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ है

अग्निकांड पीड़ितों के आंसू पोंछने पहुंचे CM धामी, बोले- सरकार हर कदम पर आपके साथ है

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी किए जाएंगे, लेकिन वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को फिर से सामान्य बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सर्दी का मौसम होने तथा क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

प्रभावित परिवारों की अन्य दैनिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही वहां सुरक्षित रखा गया छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रभावित परिवारों की अन्य दैनिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए

बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपदा के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रह सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

किसी भी प्रभावित परिवार को स्वयं को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःखद घटना में जिन परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का एक-एक अधिकारी, प्रशासन और पूरा सरकारी तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने, उनके जीवन में विश्वास और उम्मीद लौटाने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को स्वयं को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

Also read: Uttarakhand News: आर्थिक विकास के साथ मानव विकास में भी सुधार, उत्तराखंड की GSDP में डेढ़ गुने से अधिक बढ़ोतरी

संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें - सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक  दर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह निरंतर घटनाक्रम की जानकारी ले रहे थे तथा अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों को समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं ग्रामीणों ने अग्निकांड की घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं गांव पहुंचकर प्रत्येक पीड़ित से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। दुःख की इस घड़ी में सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Uttarakhand में खेती का नया दौर, किसान बन रहे आत्मनिर्भर, CM धामी की कृषि नीति का कमाल

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान कृषि और उद्यान क्षेत्र नई नीतियों और प्रोत्साहन कार्यक्रमों के जरिए, उत्तराखंड में खेती किसानी को पारम्परिक ढांचे से निकाल कर स्वरोजगार और आजीविका के आधार में बदलने का काम किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में मोटे अनाज की खेती को प्रोत्साहन देने के साथ कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Uttarakhand News: आर्थिक विकास के साथ मानव विकास में भी सुधार, उत्तराखंड की GSDP में डेढ़ गुने से अधिक बढ़ोतरी

Uttarakhand News: पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में विस्तार के साथ ही विकास के सामाजिक संकेतकों में भी सुधार दर्ज किया गया है। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय और औद्योगिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, बहुआयामी गरीबी में कमी, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई संकेतकों में सुधार दर्ज हुआ है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast