Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश के चलते एहतियाती कदम उठाए गए हैं। वाराणसी में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को प्राथमिक से लेकर कक्षा 12 तक के सभी मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। शहर में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है और तेज हवाओं के साथ मौसम में ठंडक बढ़ गई है। लगातार बारिश से फसलों को नुकसान के साथ हरी सब्जियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल 26 सितंबर को बंद रहेंगे, जबकि प्रयागराज में रेड अलर्ट और लगातार बारिश के कारण प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। कानपुर में भी कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश से बने हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और बारिश तथा बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा वितरित करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से भारी बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा नदियों और अन्य जल निकायों में जाने से बचने की अपील की है।