Uttarakhand News: उत्तराखंड के टिहरी के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी को लेकर हुए विवाद में गायक मीका सिंह उनके समर्थन में उतर आए हैं। वहीं बीजेपी ने मंत्री सुबोध उनियाल का समर्थन करते हुए धार्मिक आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को मौका देने की पैरवी की है।
दरअसल, कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें कथित तौर पर शराब के नशे में गाने और धार्मिक आयोजन की मर्यादा का ध्यान न रखने को लेकर टोका था। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया।
अब मीका सिंह ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर अपने भाई का बचाव किया है। उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब पीने के आरोप को चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें शराब पीते देखने का दावा साबित कर दे, तो वह गाना छोड़ देंगे। मीका ने दलेर की खराब तबीयत का हवाला देते हुए मीडिया से बिना तथ्यों की जांच किए आरोप न फैलाने की अपील भी की।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने मंत्री के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। साथ ही, बड़े नामों पर भारी रकम खर्च करने के बजाय स्थानीय कलाकारों को मौका देने की वकालत की, ताकि उनकी प्रतिभा को भी पहचान मिल सके।