Search KhabarFast

Press ESC to close

Uttarakhand News: शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Uttarakhand News: शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Uttarakhand News: उत्तराखंड में स्थित विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर संपूर्ण बदरीनाथ धाम जय बदरीविशाल के जयघोष से गुंजायमान रहा। मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था तथा सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न हुईं। इस अवसर पर दानीदाताओं एवं श्रद्धालुओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया।

बीते रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड रही। आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ जमी हुई थी, हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुविधा मिली। कपाट बंद होने के अंतिम दिन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में संपन्न हुई। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल एवं वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि इस यात्रा वर्ष साढ़े तेईस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा से चारधाम शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी गद्दीस्थलों के दर्शन एवं यात्रा का लाभ उठाने की अपील की।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण एवं मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, तीर्थ पुरोहित समाज, स्थानीय निवासियों एवं यात्रा से जुड़े कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि श्री बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं प्रारंभ हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। रविवार 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया तथा भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया गया।

सोमवार को कपाट बंद होने से पूर्व ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान का अभिषेक एवं श्रृंगार करने के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए सामान्य दर्शन प्रारंभ हुए। दिनभर भोग एवं पूजा-अर्चना के साथ मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुला रहा। सायंकालीन पूजाओं के बाद रात्रि आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई।

परंपरा के अनुसार रावल जी ने स्त्री रूप धारण कर माता लक्ष्मी जी को मंदिर परिसर स्थित उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके पश्चात भगवान कुबेर जी एवं उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। अंत में रावल जी ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके पश्चात रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

जनजातीय गौरव दिवस पर आदि गौरव महोत्सव, CM धामी बोले - हर जनजातीय परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड, देहरादून में राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में बड़ा हादसा, खाई में गिरी बस; 8 की मौत, 20 घायल

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर बाजार के पास एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast