Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर बाजार के पास एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। अब तक करीब 20 घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है। टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। बचाव अभियान अभी जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार पोस्ट ढालवाला एवं SDRF वाहिनी मुख्यालय से भी SDRF की अतिरिक्त टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। इसके उपरांत निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की टीमों द्वारा विषम परिस्थितियों एवं दुर्गम भूभाग के बीच सघन रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। स्थानीय पुलिस, स्थानीय लोगों एवं अन्य बचाव एवं राहत एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से बचाव कार्य किया गया।
8 लोगों की मौत
रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए SDRF जवानों द्वारा कड़ी मशक्कत की गई। अभियान में कुल 26 घायलों को बस से बाहर निकालकर स्ट्रेचर की सहायता से दुर्गम मार्ग से रोड हेड तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में 08 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। SDRF जवानों द्वारा मृतकों के शवों को भी बस से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
इसके अतिरिक्त SDRF की विभिन्न टीमों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्चिंग की गई। स्थानीय पुलिस, प्रशासन, अन्य बचाव एजेंसियों एवं स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों और आपसी समन्वय से राहत और बचाव अभियान पूर्ण किया गया।