Uttarakhand News: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के भीमताल परिसर में नवनिर्मित ‘सीडीएस जनरल बिपिन रावत फार्मेसी अकादमिक ब्लॉक’ का वर्चुअली लोकार्पण किया। राज्यपाल ने कहा कि भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के नाम पर इस भवन का नामकरण अत्यंत सार्थक है। यह विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने ज्ञान का उपयोग राष्ट्र और समाज के हित में करने का संकल्प ले।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नया अकादमिक ब्लॉक अनुसंधान, कौशल विकास और नवाचार को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की पीएम-उषा योजना के अंतर्गत निर्मित यह भवन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं शोधोन्मुख उच्च शिक्षा को सशक्त बनाएगा।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड औषधीय एवं सुगंधित पौधों की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर वाला राज्य है, जहां फार्मास्यूटिकल अनुसंधान की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘उत्तराखण्ड का दशक’’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसमें विश्वविद्यालयों एवं युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. दीवान सिंह रावत उपस्थित रहे।