Kal Ka Mausam: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब-हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर और असम तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में 14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई राज्यों में 40 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में गुरुवार को पूरे दिन बादल छाए रहने और कई दौर की बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर मध्यम से तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिजनौर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, सीतापुर, कानपुर, जालौन, महोबा, बांदा, चित्रकूट, आगरा, अलीगढ़ और संभल में तेज बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में सक्रिय रहेगा मानसून
बिहार में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। IMD ने 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश और गुजरात में अलर्ट
मध्य प्रदेश में नर्मदापुरम, हरदा, देवास, धार और बुरहानपुर में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, जबलपुर, मंडला, उज्जैन, बालाघाट सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यहां तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। गुजरात में डांग, तापी और नर्मदा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अहमदाबाद, कच्छ, जामनगर, जूनागढ़ सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में खतरा बढ़ा
उत्तराखंड में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रुद्रप्रयाग और केदारनाथ क्षेत्र में तेज बारिश की आशंका जताई गई है। देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें।
Also read: E20 पेट्रोल पर नितिन गडकरी का बड़ा बयान, बोले- वाहनों के कुछ रबर पार्ट्स बदलने पड़ सकते हैं