Uttarakhand News: विजयदशमी के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों मुख्यमंत्रियों ने इस पर्व के महत्व को बताते हुए लोगों से अहंकार, क्रोध और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, धर्म, प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में विजयदशमी को असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें अपने भीतर की बुराइयों और कमियों पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। धामी ने लोगों से अहंकार, क्रोध और बुराई रूपी आंतरिक रावण का दहन कर समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने की अपील की।
सीएम धामी ने इस अवसर पर लोगों से अपने आचरण में पवित्रता, कार्यों में निष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का संदेश व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “जहां धर्म है, वहां विजय है।” सीएम योगी ने कहा कि यह पावन पर्व भगवान श्री राम के आदर्शों और जीवन मूल्यों की याद दिलाता है। भगवान श्री राम को सभ्यता और आदर्श जीवन का प्रतीक बताते हुए उन्होंने लोगों से अहंकार और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, धर्म और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कामना की कि भगवान श्री राम सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। गौरतलब है कि विजयदशमी को दशहरा भी कहा जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार लोगों को अपनी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय प्राप्त करने और समाज में सद्भाव, एकता तथा सकारात्मकता को बढ़ावा देने का संदेश देता है।