DDA flat booking: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की आवास निवेश योजना 2026 के तहत दिल्ली के नरेला में 2,516 निम्न आय वर्ग (LIG) फ्लैटों के लिए ऑनलाइन बुकिंग आज 20 अक्टूबर 2026 मंगलवार को दशहरा के शुभ अवसर पर दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में, DDA ने नागरिकों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए यह योजना शुरू की है, जिसमें फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। जिसकी अनुमानित कीमतें 14.95 लाख रुपये से शुरू होती हैं। बता दें, 'फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ' (FCFS) के आधार पर आवंटित किए जाएंगे और आवेदकों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी पंजीकरण और बुकिंग प्रक्रिया ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।
मालूम हो कि यह योजना नरेला के सेक्टर G2-G6 के पॉकेट 3 और 6 में फ्लैट प्रदान करती है। जिसमें से कुल 2,516 फ्लैटों में से 1,020 पॉकेट 3 में स्थित हैं, जबकि शेष 1,496 पॉकेट 6 में हैं। हर एक फ्लैट का अनुमानित आधार क्षेत्र 49.90 वर्ग मीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल है। तो वहीं, 25 प्रतिशत की छूट के बाद, पॉकेट 3 में फ्लैटों की अनुमानित कीमत 15.01 लाख रुपये है, जबकि पॉकेट 6 में इनकी कीमत 14.95 लाख रुपये है। नियोजित परिवहन अवसंरचना, शैक्षणिक संस्थानों, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं के समर्थन से नरेला एक आशाजनक आवासीय गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
Also read: Indian Coast Guard Vacancy 2027: 10वीं-12वीं पास के लिए निकली 365 पदों पर बंपर भर्ती, लास्ट डेट से पहले तुरंत करें अप्लाई
मेट्रो कॉरिडोर समेत कई सुविधाएं मिलेगी
रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर पर आगामी दिल्ली मेट्रो स्टेशन और प्रस्तावित क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (RRTS) स्टेशन से क्षेत्र के विकास की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा शहरी विस्तार रोड (यूईआर)-I, यूईआर-II और जीटी करनाल रोड के माध्यम से सड़क संपर्क से भी क्षेत्र की पहुंच में सुधार होने की उम्मीद है। नरेला को सेक्टर G2-G6 में बन रहे आगामी शिक्षा केंद्र से भी लाभ मिलने वाला है, जहां कई विश्वविद्यालयों को भूमि आवंटित की गई है। आसपास के खेल अवसंरचना में सेक्टर A-7 में नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स इंटीग्रेटेड स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। क्षेत्र में हरियाली और अन्य नागरिक सुविधाएं इसकी आवासीय क्षमता को और बढ़ाती हैं।
कब से शुरू होगा पंजीकरण?
योजना के तहत पंजीकरण आज दोपहर से शुरू होगा। बताते चलें कि पूरी पंजीकरण और बुकिंग प्रक्रिया DDA के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in के जरिए ऑनलाइन की जा रही है, जिससे आवेदकों के लिए पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होती है। प्रत्येक फ्लैट के लिए बुकिंग राशि 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये मात्र) है। आवेदकों को पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए 2,500 रुपये का एकमुश्त, अप्रतिदेय पंजीकरण शुल्क भी देना होगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि जो लोग पहले ही DDA के आवास पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है।
योजना का विस्तृत विवरण और नियम व शर्तें DDA की वेबसाइट से डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। आवेदकों को फ्लैट बुक करने से पहले पूरी जानकारी के लिए विवरणिका पढ़ने की सलाह दी गई है। सहायता के लिए वे डीडीए की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 110 332 पर संपर्क कर सकते हैं। DDA आवास निवेश योजना 2026 के माध्यम से प्राधिकरण का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाना और नरेला की उभरती आवासीय और अवसंरचना विकास क्षमता को उजागर करना है।