Search KhabarFast

Press ESC to close

उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने की समीक्षा; दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे गंगा कॉरिडोर के कई काम

उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने की समीक्षा; दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे गंगा कॉरिडोर के कई काम

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर तथा शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गतिमान परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जिन परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ किया जा सकता है, उनके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर कार्य शुरू कराए जाएं। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को क्षेत्र विशेष की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जाए। परियोजनाओं के विकास में स्थानीय विशिष्टताओं का समावेश किया जाए, ताकि क्षेत्र की पहचान बनी रहे और पर्यटन एवं रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सके।

बैठक में अवगत कराया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 495 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मां मनसा देवी एवं मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास का क्रमशः 55 एवं 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निर्माण का 39 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त 115.07 करोड़ रुपये लागत से त्रिवेणी घाट के विकास, 35.78 करोड़ रुपये लागत से आस्था पथ के सौंदर्यीकरण तथा 32.28 करोड़ रुपये लागत से चंद्रभागा पैदल पुल के निर्माण का कार्य गतिमान है। शिवपुरी एवं नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास का कार्य भी किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम को कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, 184.20 करोड़ रुपये लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत तथा 66.49 करोड़ रुपये लागत से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर क्षेत्र में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की प्रगति की भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त साहसिक पर्यटन के सुरक्षित एवं सुनियोजित विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश तथा परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Bihar News: वैशाली में 11 से 13 दिसंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन, अमित शाह होंगे शामिल; CM सम्राट चौधरी ने तैयारियों का लिया जायजा

Bihar News:बिहार के वैशाली में 11 से 13 दिसंबर 2026 तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।** इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विदेशी मेहमानों और श्रद्धालुओं के लिए आवासन

Haryana News: सातवें विश्व भूस्खलन मंच का समापन, 75 देशों के विशेषज्ञों ने आपदा से बचाव पर किया मंथन

Haryana News:फरीदाबाद में आयोजित सातवें विश्व भूस्खलन मंच (WLF-7) का शुक्रवार को समापन हो गया।** अमृता विश्व विद्यापीठम में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 75 देशों और क्षेत्रों के करीब 1,900 शोधकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में भूस्खलन के खतरे को कम करने, सुरक्षित बुनियादी ढांचे के निर्माण और पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

Jharkhand News: हेमंत सोरेन को भेंट की गईं दो किताबें, ‘हूल से हेमंत तक’में सियासी सफर का जिक्र

Jharkhand News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार शाम उनके राजनीतिक जीवन और राज्य के संघर्षों पर आधारित हिंदी और अंग्रेजी की दो पुस्तकें भेंट की गईं। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुस्तकों की प्रतियां सौंपीं।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast