Uttarakhand News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर कांग्रेस को शुद्धिकरण मामले को लेकर घेरा है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि हल्द्वानी में किसी व्यक्ति को अपमानित करने के उद्देश्य से शुद्धिकरण यज्ञ किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस की ओर से इस मामले को लगातार तूल देना केवल समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दे को हवा देने का आरोप लगाया।
'तथ्यों के आधार पर बात रखे कांग्रेस'
सीएम धामी ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे संवेदनशील विषयों को मुद्दा बनाने के बजाय कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में किसी भी तरह का भ्रम या तनाव पैदा करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी समाज को जोड़ने की होनी चाहिए।