Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुए भीषण हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
लखनऊ रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (IG) किरण एस. ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार हो सकती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल यात्रियों को ले जाने के लिए किया जा रहा था, जबकि कृषि और व्यावसायिक वाहनों में इस तरह लोगों को ले जाना नियमों के खिलाफ है।
पुलिस ने जवाबदेही तय करने की कही बात
IG किरण एस. ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले ही सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं। आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके और इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों को ले जाना गैरकानूनी
पुलिस अधिकारी ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम और ट्रैफिक नियमों में स्पष्ट रूप से निर्धारित है कि किस तरह के वाहन का इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। यात्रियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर ले जाना नियमों के अनुरूप नहीं है।