Ghaziabad Blast: यूपी के गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में शुक्रवार को वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक धमाका होने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया। धमाके के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम के ACP सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, जिस समय धमाका हुआ, उस वक्त वसुंधरा पुलिस चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय भी सामान छोड़ने के लिए वहां पहुंचा था। धमाके के कारण कांच टूटकर बिखर गया, जिसकी चपेट में आने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया।
धमाका किस चीज से हुआ, जांच के बाद चलेगा पता
ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि धमाका करने वाली वस्तु असल में क्या थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चौकी के अंदर धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस तरह की वस्तु का इस्तेमाल हुआ था।