UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और बारिश से खराब हुए मार्गों की मरम्मत को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाया जाए और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार सड़कों का नवीनीकरण भी कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि सड़क मरम्मत के काम में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने 9 विभागों के करीब 4.36 लाख किलोमीटर मार्गों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अब तक 5,751 किलोमीटर मार्गों पर गड्ढामुक्ति का काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय लक्ष्य के अनुसार काम में तेजी लाई जाए और निर्माण व मरम्मत की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो।
पर्वों से पहले 681 प्रमुख मार्ग होंगे गड्ढामुक्त
सीएम योगी ने कहा कि आगामी गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्वों से पहले प्रदेश के 681 प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सड़कों का इस्तेमाल शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने के लिए होता है, उनकी मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों को जल्द से जल्द बेहतर स्थिति में लाया जाए।