UP News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हादसा हो गया। जहां सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस को पीछे से तेज रफ्तार कैंटर टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में तकनीकी खराबी आने के कारण बस को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए कैंटर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुलंदशहर निवासी सतेंद्र, नवाबगंज निवासी शैलेश, फर्रुखाबाद निवासी सुखराम, दौलतपुर नवाबगंज निवासी राजेश तथा एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह, एसएसपी डॉ. इलामारन, एसपी सिटी, एसडीएम सदर, सीओ सिटी और सीओ सदर समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है।