UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में थाना सदर क्षेत्र से एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने गोकुल बैराज के पास कथित तौर पर अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, पंकज कुमार को आज ही सर्विस पिस्तौल जारी की गई थी और प्रथम दृष्टया उसी हथियार से घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य तथ्यों के आधार पर कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद सब-इंस्पेक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और फॉरेंसिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी भी पुलिस विभाग में
बताया गया है कि मृतक सब-इंस्पेक्टर की पत्नी भी मथुरा जनपद में पुलिस विभाग में तैनात हैं और सदर थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना के बाद वह भी मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों समेत पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।