UP Election 2027: एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बीजेपी को दोबारा सत्ता में नहीं देखना चाहती और इसके लिए वह विपक्षी दलों के साथ गठबंधन करने को भी तैयार हैं।
एकता बनाए रखने की अपील
सभा में ओवैसी ने लोगों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब लोग एक साथ खड़े होते हैं तो बड़े से बड़ा बदलाव संभव होता है। उन्होंने कहा कि ताकतवर लोगों को भी एकजुट जनता के सामने झुकना पड़ता है। उनका विश्वास है कि उनकी पार्टी भी उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपनी मजबूत आवाज दर्ज कराएगी।
छात्रों की तारीफ की
ओवैसी ने जंतर-मंतर पर लंबे समय तक प्रदर्शन करने वाले छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने मजबूत इरादों और एकता के दम पर अपनी बात देश के सामने रखी। उन्होंने इसे एकजुटता की ताकत का उदाहरण बताया।
विपक्ष को दिया गठबंधन का संदेश
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी नहीं चाहती कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी फिर से सरकार बनाए। उन्होंने साफ कहा कि अगर विपक्ष तैयार हो तो उनकी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बातचीत होनी चाहिए, क्योंकि चुनाव खत्म होने के बाद पछताने का कोई फायदा नहीं होता।
बराबरी और इंसाफ की बात
ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सम्मान, बराबरी और इंसाफ के लिए है। उन्होंने कहा कि अब समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए और सभी को समान सम्मान मिलना चाहिए।
युवाओं को आगे लाने का वादा
ओवैसी ने कहा कि भारत की बड़ी आबादी युवा है। ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को उम्मीदवार बनाया जाए, ताकि वे लोगों की आवाज मजबूती से उठा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद देश को युवा नेतृत्व मिले। उनके अनुसार, भविष्य में देश का प्रधानमंत्री 40 या 45 साल का युवा होना चाहिए, ताकि नई सोच और नई ऊर्जा के साथ देश आगे बढ़ सके।
Also read: ‘डरो मत!’ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर कही बड़ी बात