नहीं दिए 5 हजार रुपये, पुलिस ने की पिटाई, इलाज के दौरान हुई 17 वर्षीय किशोर की मौत

नहीं दिए 5 हजार रुपये, पुलिस ने की पिटाई, इलाज के दौरान हुई 17 वर्षीय किशोर की मौत

UP Newsउत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया थाने में एक 17 वर्षीय आदर्श उपाध्याय की पुलिस की पिटाई के बाद मौत हो गई। इस खबर के बाद पूरे इलाके में हंगामा मच गया। परिजनों के मुताबिक पुलिस की पिटाई की वजह से उनके बेटे की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक आदर्श उपाध्याय खेत में गाय चराने के लिए गया था। इस दौरान तंबाकू को लेकर अशोक गुप्ता नाम के व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई। इसी बीच आदर्श ने अशोक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद अशोक ने 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। जिसके बाद पुलिस आई और आदर्श को अपने साथ ले गई। परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने आदर्श को छोड़ने के लिए 5 हजार के रुपये की मांग कर दी। पैसा नहीं देने पर पुलिस ने उसे थाने में बिठा लिया और अगले दिन यानी 25 मार्च को छोड़ दिया।  

परिजनों ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

परिजनों के मुताबिक, आदर्श को पुलिस ने थाने में जमकर पीटा। जब उसे ऑटो से घर लाया गया तो उसने खून की उल्टी शुरू कर दी। जिसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां से जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में आदर्श की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया। परिजनों के हंगामे के बाद दो पुलिसकर्मियों शिवम सिंह और अजय गौतम, को सस्पेंड कर दिया गया।

 

Leave a comment