
Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ के बाद औरैया में भी पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया। महज 15 दिन पहले ही दोनों की शादी हुई थी। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी, प्रेमी और सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना पर औरैया के एसपी अभिजित आर. शंकर ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि बीते 19 मार्च को एक फोन आया जिसमें हमें बताया गया कि औरैया जिले के सहार थाना क्षेत्र में एक घायल व्यक्ति का शव गेहूं के खेत में पड़ा है। शुरुआत जांच में ऐसा लग रहा था कि व्यक्ति पर अज्ञात व्यक्तियों ने हमला किया है। इसके बाद मृतक की पहचान दिलीप यादव के रूप में हुई, जो मूल रूप से मैनपुरी का रहने वाला था, लेकिन औरैया के दिबियापुर इलाके में रहता था।
5 मार्च 2025 को हुई थी शादी
एसपी अभिजित आर. शंकर ने बताया, ‘दिलीप यादव की 5 मार्च 2025 को प्रगति यादव के साथ शादी हुई थी। प्रगति और अनुराग एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों के बीच करीब 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन दोनों के अफेयर के बारे में परिवार को जानकारी थी, लेकिन शादी की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद जबरदस्ती प्रगति की शादी दिलीप यादव से कराई गई, जिससे प्रगति खुश नहीं थी। इस दौरान प्रगति ने हत्याकांड की साजिश रचाई और उसने अनुराग को बताया कि दिलीप काफी अमीर है। इसी के चलते बाद में उसने अनुराग को एक लाख रुपए भी दिए थे। अनुराग ने हत्याकांड में रामजी नागर को भी शामिल किया, जो सरगना भी रहा है।‘
Leave a comment