Trump Tariff: एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ा झटका दिया। अमेरिका ने अपने 'सेक्शन 301' के तहत कई देशों पर 10% और 12.5% के नए टैरिफ स्लैब लागू करने का ऐलान किया। भारत को कम टैरिफ वाली 10% की कैटेगरी में रखा गया है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली पर 12.5% टैरिफ लगाने की योजना थी, लेकिन लेबर प्रैक्टिस (मज़दूरों से जुड़े तौर-तरीकों) पर हुई सार्थक बातचीत के बाद भारत को कम दर वाली कैटेगरी में जगह मिल गई।
यह कदम US ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) के उस ऐलान के बाद उठाया गया है, जिसमें गुरुवार को 60 देशों पर 10% से 12.5% तक टैरिफ लगाने की घोषणा की गई। यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर की गई है, जिन्होंने "ज़बरदस्ती मज़दूरी" (forced labour) से बने सामान के आयात को रोकने के लिए उठाए गए कदमों को नाकाफी बताया था।
USTR के अनुसार, भारत उन 17 देशों में शामिल है जिन पर 10 प्रतिशत की कम टैरिफ दर लागू होगी। इस ग्रुप में यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, इंडोनेशिया, मैक्सिको और बांग्लादेश जैसे देश शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरू में भारत के लिए 12.5 प्रतिशत टैरिफ पर विचार किया गया था, लेकिन लेबर प्रैक्टिस (मज़दूरों से जुड़े तौर-तरीकों) पर अमेरिका के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद इसे 10 प्रतिशत वाली कैटेगरी में रखा गया। 10% से 12.5% तक की ये नई ड्यूटी भारत, UK, EU, कनाडा और जापान जैसे बड़े ट्रेडिंग पार्टनर्स पर असर डालेंगी और शुक्रवार से लागू हो जाएंगी।
यह घोषणा गुरुवार को US ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के ऑफिस ने की। इसे एंबेसडर जेमिसन ग्रीर की ओर से उठाया गया आखिरी कदम बताया गया, जो राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर 60 देशों पर टैरिफ लगाने के लिए था। इन देशों पर आरोप है कि वे जबरन मज़दूरी से बने सामान के आयात पर रोक लगाने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने में नाकाम रहे हैं।