Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही एंबुलेंस की तेज रफ्तार पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में एंबुलेंस के दोनों चालक भी शामिल हैं। यह हादसा सुबह करीब 6.30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस जयपुर से अजीजुल हक नाम के व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। शव के साथ परिवार के तीन सदस्य और दो चालक एंबुलेंस में सवार थे।
डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया
इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर तेज गति से आ रही पिकअप से एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रफीकुल हक और अमीनुल हक के रूप में हुई है।
Also read: मां के निधन के बाद चर्चा में आया CM योगी का परिवार, जानिए कितने भाई-बहन और कहां है पैतृक गांव
एंबुलेंस के दोनों चालकों की भी मौत
इसके अलावा एंबुलेंस के दोनों चालकों की भी मौत हो गई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया।पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।