Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने भट्टू कलां में वाटर वर्क्स के पास दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 524 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक महज 13 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस को नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने भट्टू कलां में वाटर वर्क्स के पास कार्रवाई की और दोनों संदिग्धों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 524 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। फतेहाबाद की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने मीडिया को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों पर पहले से NDPS एक्ट के केस
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक कुमार उर्फ लक्की निवासी भूना और सुनील उर्फ सन्नी निवासी भट्टू कलां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आलोक कुमार उर्फ लक्की महज 13 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। जेल से रिहा होने के कुछ ही दिनों बाद उसकी दोबारा गिरफ्तारी हुई है।