Tulsi Vivah 2026: हिंदू धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि तुलसी में माता लक्ष्मी का वास होता है। रोज तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। हर साल कार्तिक शुक्ल द्वादशी को तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। इस साल तुलसी विवाह आज यानी 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जा रहा है। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-शांति आती है और कन्यादान के बराबर पुण्य मिलता है।
तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त
तुलसी विवाह के लिए गोधूलि बेला को सबसे शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार, आज शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर 5 बजकर 52 मिनट तक तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त रहेगा। यानी पूजा और विवाह की रस्मों के लिए सिर्फ 27 मिनट का समय मिलेगा। इसलिए पूजा की तैयारी पहले से ही करके रखें। जिससे की मुहूर्त के दौरान ही आपकी पूजा संपन्न हो।
Also read: Horoscope Today 21 November 2026, Aaj Ka Rashifal: 3 राशियों को शत्रुओं से रहना होगा सावधान, जानें मेष से मीन तक का राशिफल
घर पर ऐसे करें तुलसी विवाह
सबसे पहले आंगन या पूजा स्थल को साफ करके गंगाजल छिड़कें। तुलसी के पौधे के पास एक चौकी पर भगवान शालिग्राम को विराजमान करें। शालिग्राम न हो तो भगवान विष्णु की मूर्ति भी रख सकते हैं। सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें और तुलसी विवाह का संकल्प लें। इसके बाद माता तुलसी को हल्दी लगाएं, लाल चुनरी ओढ़ाएं और सुहाग की चीजें अर्पित करें। भगवान शालिग्राम को तिलक लगाकर फूल और भोग चढ़ाएं। शुभ मुहूर्त में माता तुलसी को अपनी बेटी मानकर कन्यादान करें। इसके बाद शालिग्राम को तुलसी के पौधे के चारों ओर घुमाकर फेरे लगवाएं। अंत में आरती करके सुख-समृद्धि की कामना करें।मान्यता है कि श्रद्धा से तुलसी विवाह कराने पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है।