कुछ राजनीतिक दल हैं जो अपने परिवारवालों के लिए काम कर रहे हैं- पीएम मोदी

कुछ राजनीतिक दल हैं जो अपने परिवारवालों के लिए काम कर रहे हैं- पीएम मोदी

नई दिल्ली:  भाजपा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया है। आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है। आज के दिन हम मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। मां स्कंदमाता कमल पर विराजमान होती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल थामे रहती हैं। मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश में अभी दो तरह की राजनीति चल रही है। एक है परिवार भक्ति की। दूसरी है देश भक्ति की। देश में कुछ राजनीतिक दल हैं जो अपने परिवारवालों के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा ने ही परिवारवाद के खिलाफ बोलना शुरू किया और इसे चुनावी मुद्दा बनाया। लोगों को समझ आ गया है कि परिवारवादी सरकारों लोकतंत्र की दुश्मन हैं और संविधान को कुछ नहीं समझती।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 3 दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 42 वर्ष के इस कार्यक्रम में आज हमें उन लोगों को भी याद करना है, जो पहले जनसंघ काल से पहले दीया लेकर चले और बाद में कमल के फूल को लेकर चले। उन्होंने कहा कि आज इस पार्टी को यशस्वी बनाने के लिए 3-3, 4-4 पीढ़ियों ने खुद को खपा दिया।आज उनकों भी याद करने का अवसर है।  

Leave a comment