UP Govt Schools: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी है। कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को कठिन विषय और टॉपिक्स आसानी से समझाने के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत छोटे-छोटे शॉर्ट्स, रील्स और एनिमेटेड वीडियो तैयार किए जाएंगे। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की पहल पर यह डिजिटल लर्निंग प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसका मकसद छात्रों की पढ़ाई को आसान और रोचक बनाना है। साथ ही छात्रों के डाउट भी डिजिटल वीडियो के जरिए दूर किए जाएंगे।
SIET को दी गई जिम्मेदारी
इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान यानी SIET को दी गई है। संस्थान शिक्षकों की मदद से कठिन विषयों पर शॉर्ट्स और रील्स तैयार करवा रहा है। इन वीडियो में एनिमेशन का भी इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि बच्चे विषयों को आसानी से समझ सकें। अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले बोर्ड परीक्षाओं और निपुण भारत मिशन के तहत ऑनलाइन यूट्यूब सत्र आयोजित किए गए थे। इन सत्रों को छात्रों और शिक्षकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए अब डिजिटल कंटेंट को और बेहतर बनाने की तैयारी है।
कैसा होगा कंटेंट?
हाल ही में बैगलेस डे पर तैयार किया गया एक वीडियो भी काफी पसंद किया गया। इसी तरह के और वीडियो तैयार किए जाएंगे। इनमें पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों की रुचि का भी ध्यान रखा जाएगा। छात्रों तक यह सामग्री आसानी से पहुंचाने के लिए SIET अपना नया यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज भी शुरू करेगा। शुरुआत में वीडियो निपुण यूपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए जाएंगे। छात्रों और शिक्षकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर वीडियो के कंटेंट में बदलाव और सुधार किया जाएगा।
Also read: यूपी के पीलीभीत में पसरा मातम, मजदूरी करने निकले 5 लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, कई घायल