Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में एक सरकारी पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाकर पैसे दिए बिना भागने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस दौरान पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने हिम्मत दिखाते हुए कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ गया। इसके बाद करीब एक किलोमीटर तक कार के अंदर दोनों के बीच हाथापाई होती रही। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना शाहाबाद शुगर मिल के पास स्थित सरकारी पेट्रोल पंप की है। दोपहर करीब 3 बजे एक सफेद रंग की वर्ना कार पंप पर पहुंची। कार चालक ने 3,500 रुपये का डीजल भरवाया। उसके हाथ में नकदी देखकर सेल्समैन को लगा कि वह भुगतान कर देगा, इसलिए उसे कोई शक नहीं हुआ।
पैसे को लेकर बहस और हाथापाई शुरू
डीजल भरने के बाद जब सेल्समैन पैसे लेने कार की खिड़की के पास पहुंचा तो चालक के हाथ में 500-500 रुपये के नोट थे। लेकिन जैसे ही सेल्समैन ने पैसे लेने की कोशिश की, चालक ने अचानक कार स्टार्ट कर दी और तेज रफ्तार से भागने लगा। चालक की हरकत देखकर सेल्समैन ने तुरंत कार का कंडक्टर साइड का दरवाजा खोला और अंदर बैठ गया। इसके बाद दोनों के बीच पैसे को लेकर बहस और हाथापाई शुरू हो गई। आरोपी एक हाथ से कार चला रहा था और दूसरे हाथ में नकदी पकड़े हुए था। सेल्समैन लगातार कार रोकने और पैसे देने की बात कहता रहा, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी।
हाईवोल्टेज ड्रामा
करीब एक किलोमीटर तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सेल्समैन ने कार पलटने की चेतावनी दी तो आरोपी घबरा गया। कार पलटने के डर से उसने चलते वाहन से सेल्समैन को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि सेल्समैन को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि नीचे गिरने के दौरान उसका जूता फट गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि कार के आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे आरोपी की पहचान करना मुश्किल हो गया।
घटना के बाद सेल्समैन अपने साथियों के साथ वापस पेट्रोल पंप पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also read: Haryana News: हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का मेडिकल भत्ते में की जबरदस्त बढ़ोतरी