UP NEWS: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। थाना फरिहा क्षेत्र के चिडराई (पृथ्वीपुर चिडरई) गांव के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल नीम का पेड़ अचानक चलती ई-रिक्शा पर गिर पड़ा। हादसे के समय ई-रिक्शा में 5 से 6 लोग सवार थे। पेड़ गिरते ही वाहन पूरी तरह दब गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से प्रभावित सभी परिवारों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। वहीं, घायलों का उपचार जारी है और स्थानीय प्रशासन राहत एवं सहायता कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए है।