Stock Market Crash: शेयर बाजार में आज यानी 8 अक्टूबर को भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक टूटकर 71,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में 350 अंक से ज्यादा की गिरावट है और यह 22,250 के आसपास पहुंच गया है। बाजार में मेटल, ऑटो और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है। बाजार में गिरावट की बड़ी वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली मानी जा रही है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 2 फीसदी बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। मिडिल ईस्ट में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर बढ़ते हमलों से तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है। इसके अलावा क्रूड इन्वेंट्री में 32 लाख बैरल की कमी भी आई है।
बाजार पर क्यों बढ़ा दबाव?
विदेशी निवेशक भी भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं। बुधवार को FIIs ने करीब 6,121 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले 9 कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशक करीब 57 हजार करोड़ रुपये की बिकवाली कर चुके हैं। इससे बाजार पर दबाव बढ़ा है। ग्लोबल मार्केट में बॉन्ड यील्ड बढ़ने का असर भी शेयर बाजार पर पड़ा है। अमेरिका की 30 साल की बॉन्ड यील्ड 5.71 फीसदी के पार पहुंच गई है, जबकि 10 साल की यील्ड 5.3 फीसदी से ऊपर चली गई है। ऐसे में निवेशक शेयरों से पैसा निकालकर डेट मार्केट की ओर रुख कर रहे हैं।
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
आरबीआई के रुख में बदलाव की भी बाजार पर नजर है। ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। वहीं निफ्टी का 22,500 का अहम सपोर्ट टूट चुका है। एक्सिस डायरेक्ट के मुताबिक निफ्टी 22,300 और फिर 22,180 के स्तर तक जा सकता है। आज विशाल निर्मिति और नित्यास जेम्स एंड ज्वैलरी की शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। विशाल निर्मिति NSE और BSE दोनों पर 215 रुपये में 2.27 फीसदी डिस्काउंट के साथ लिस्ट हुआ। वहीं, नित्यास जेम्स एंड ज्वैलरी NSE पर 80 रुपये और BSE पर 82 रुपये में लिस्ट हुआ। इससे पहले 7 अक्टूबर को सेंसेक्स 429 अंक गिरकर 72,639 और निफ्टी 173 अंक गिरकर 22,603 पर बंद हुआ था।
Also read: चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मिली Z प्लस सुरक्षा, घर से लेकर दफ्तर तक भारी पुलिस बल तैनात