
CT 2025, IND vs BAN: चैंपियंस ट्रॉफी 2025में भारतीय टीम 19फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ पहला मुकाबला खेलेगी। कप्तान रोहित शर्मा ने दुबई की सूखी पिच को देखते हुए टीम में पांच स्पिनर्स को शामिल किया था। योजना के तहत भारत कम से कम तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरना चाहता था। लेकिन मैच से पहले हुई बारिश ने इस रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बता दें कि,दुबई में आमतौर पर बारिश नहीं होती, लेकिन 18फरवरी को हुई बारिश ने पिच को बदल दिया है। मैच के दौरान बारिश की संभावना कम है, लेकिन बादल छाए रहने से तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। ऐसे में भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ सकता है। टीम में सिर्फ तीन प्रमुख तेज गेंदबाज हैं, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है।
भारतीय तेज गेंदबाजी पर सवाल
भारत इस मैच में तीन स्पिनर्स और दो पेसर्स के साथ उतरने की योजना बना रहा है। हालांकि, मोहम्मद शमी अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। वहीं, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को बड़े मुकाबलों का ज्यादा अनुभव नहीं है। हार्दिक पंड्या तेज गेंदबाज के तौर पर विकल्प हो सकते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिक भूमिका ऑलराउंडर की ही रहेगी।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज बना सकते हैं दबाव
बांग्लादेश चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। उनकी टीम में नाहिद राणा, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद और तंजिम हसन साकिब शामिल हैं। ये सभी पहले भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर चुके हैं। अगर पिच और मौसम तेज गेंदबाजों के अनुकूल रहा, तो भारत के लिए यह चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
रोहित शर्मा का आत्मविश्वास
वहीं जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब रोहित शर्मा से मौसम और तेज गेंदबाजों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मौसम हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन हमारी टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार है।" अब देखना होगा कि भारतीय टीम की रणनीति कितनी कारगर होती है और क्या स्पिन-आधारित योजना सफल हो पाती है।
Leave a comment