Sonia Gandhi's Book:कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में जिंदगी के सबसे दर्दनाक अनुभवों में से एक का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के जन्म से पहले उन्होंने और राजीव गांधी ने अपना पहला बच्चा खो दिया था। जनवरी 1969 में सोनिया गांधी ने समय से करीब दो महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया था। बच्चा जन्म के समय स्वस्थ दिखाई दे रहा था और उसे इनक्यूबेटर में रखा गया था। सोनिया लिखती हैं कि जब उन्होंने पहली बार अपने बच्चे को देखा तो वे और राजीव उससे बेहद प्यार करने लगे थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद बच्चे की मौत हो गई।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा कि बच्चे की मौत की खबर सुनकर वे और राजीव पूरी तरह टूट गए थे। उन्होंने बताया, ''मैं फूट-फूटकर रोई और राजीव भी खूब रोए।'' उस समय इंदिरा गांधी दिल्ली से बाहर थीं। पोते की मौत की खबर मिलते ही उन्होंने अपना दौरा बीच में छोड़ा और अस्पताल पहुंचकर सोनिया और राजीव को संभाला। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाया और काफी देर तक उनके साथ बैठी रहीं।
नवजात को प्रवाहित करने को लेकर क्या है दावा
बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल खड़ी हो गई। सोनिया ने लिखा कि हिंदू परंपरा के अनुसार नवजात बच्चे को नदी में प्रवाहित किया जाता था। लेकिन सोनिया इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। उन्हें ओखला बैराज के पास कचरे में फंसे एक शव का दृश्य याद आ गया था, जिसे आवारा कुत्ते खींचने की कोशिश कर रहे थे। इस याद ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने साफ कह दिया कि वे अपने बच्चे को किसी भी कीमत पर नदी में नहीं बहाने देंगी।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में क्या कहा
आखिरकार परिवार ने बच्चे को दफनाने का फैसला किया। सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी और संजय गांधी ने महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे बच्चे को दफनाया। सोनिया और राजीव जब भी वहां जाते थे, उस जगह पर एक फूल रखकर आते थे। सोनिया ने अपनी किताब Belonging: A Journey of Love में इस दर्दनाक घटना को याद किया है। यह किताब 10 नवंबर 2026 को जारी हुई है।
Also read: 26 नवंबर को मणिपुर दौरे पर रहेंगे राहुल गांधी, हिंसा पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात