Semicon India 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत ने सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में अपनी यात्रा का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने केवल चार साल में वह उपलब्धि हासिल की है, जिसे दुनिया के कई देश पूरा करने में आमतौर पर एक दशक तक का समय लेते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में Semicon India 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर बनाने की क्षमता विकसित करने से आगे बढ़कर कमर्शियल चिप प्रोडक्शन यानी बड़े स्तर पर चिप उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर की यात्रा लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और चिप मैन्युफैक्चरिंग एक ऐसी यात्रा है, जिसका कोई अंतिम पड़ाव नहीं है।
चिप डिजाइन की ट्रेनिंग दी जाएगी ट्रेनिंग
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की चिप डिजाइन, चिप निर्माण और इससे जुड़ी तकनीकों में क्षमता लगातार बढ़ रही है। इससे दुनिया का भारत पर भरोसा भी मजबूत हो रहा है। सेमीकॉन इंडिया में दुनियाभर की कंपनियों की भागीदारी को उन्होंने भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम पर बढ़ते विश्वास का संकेत बताया। मोदी ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के छात्रों को चिप डिजाइन की ट्रेनिंग दी जा रही है और उन्हें खुद चिप डिजाइन करने के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवा देश की सेमीकंडक्टर महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पीएम ने वैश्विक भूमिका का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में हाल ही में हुए BRICS सम्मेलन में दुनिया का भारत पर बढ़ता भरोसा दिखाई दिया। इसके अलावा उन्होंने देश में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को भी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने फ्रेट कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए कहा कि मजबूत परिवहन व्यवस्था से भारत में मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को और मजबूती मिलेगी। Semicon India का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक हो रहा है। इसमें 52 देशों की 600 से ज्यादा कंपनियां और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इस साल कार्यक्रम की थीम “Silicon to Systems: Building the Ecosystem” रखी गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर मिशन अब नए चरण में पहुंच गया है, जहां कमर्शियल उत्पादन, कुशल युवाओं की तैयारी और पूरी वैल्यू चेन को एक साथ विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
Also read: परीक्षा की तैयारी करने वाले ध्यान दें! JEE मेन-UGC NET-CUET PG का एग्जाम कैलेंडर रिलीज; NTA ने जारी किया शेड्यूल