बीजेपी के चार टुकड़े कर दूंगा अगर.... संजय राउत के दिखाए तीखे तेवर

बीजेपी के चार टुकड़े कर दूंगा अगर.... संजय राउत के दिखाए तीखे तेवर

 
Sanjay Raut news: शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने बीजेपी और महाराष्ट्र सरकार पर जमकर हमला बोला है।  संजय राउत ने एक न्यूज चैनल के कॉन्क्लेव में बोलते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना अमित शाह की बनाई हुई पार्टी है। यह अलग शिवसेना नहीं है।  शिवसेना बालासाहेब ठाकरे की है, उद्धव ठाकरे की है।  उन्होंने कहा कि जहां ठाकरे, वहां शिवसेना. जब तक अमित शाह हैं, तब तक दुकान चलेगी।    
 
 
संजय राउत के तल्ख तेवर 
 
संजय राउत ने कहा कि मेरे हाथ में अगर चुनाव आयोग होगा, मेरे पास अगर पुलिस होगी. तो भारतीय जनता पार्टी के मैं चार टुकड़े कर दूंगा।  चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारा अमित शाह और मोदी पर भरोसा नहीं है. मैं चुनाव आयोग की बात नहीं कर रहा हूं।   संजय राउत ने कहा कि ये व्यापारी हैं, राजनीतिक लोग नहीं हैं. मुंबई में व्यापार नहीं होगा, तो कहां होगा।  बड़े शहरों में ही व्यापार होगा।  कहां होगा व्यापार फिर, कराची-इस्लामाबाद में होगा?  ठाकरे बचाओ मुहिम के आरोप पर उन्होंने कहा कि ठाकरे बचेंगे, तब मुंबई बचेगी न।  जब लगता है कि मराठी मानुष का अस्तित्व संकट में है, तब ये दोनों भाई फिर से साथ आ गए हैं। 
 
 
'मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ने की साजिश'  
 
 संजय राउत ने कहा कि मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ने की साजिश 70 साल से चल रही है।  यूनाइटेड महाराष्ट्र की लड़ाई हुई, 106 लोग शहीद हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें ऐसी हैं, जो मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाना चाहती हैं, गुजरात से जोड़ना चाहती हैं। संजय राउत ने कहा कि जब महाराष्ट्र बन रहा था, तब भी ये लोग मुंबई उसे नहीं दे रहे थे। जब भी मौका मिलेगा, दिल्ली के लोग मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी जरूर है, लेकिन मुंबई सबकी है। मुंबई की ताकत किसी और राज्य में शिफ्ट करने की मुहिम चल रही है। संजय राउत ने कहा कि आप अलग मुंबई बनाइए ना। गुजरात में बनाइए, बिहार में बनाइए, लखनऊ के पास बनाइए। 
 
कांग्रेस से नहीं  हो पाया  गठबंधन 
 
कांग्रेस को लेकर सवाल पर संजय राउत ने कहा कि आखिरी क्षण तक कांग्रेस से बात कर रहा था।  दिल्ली में भी बात की, मुंबई में भी बात की। हमने कहा कि कांग्रेस को जितनी सीटें चाहिए, उतनी देने को हम तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए एमवीए बना था, आज भी है।  इंडिया ब्लॉक लोकसभा चुनाव के लिए बना था, आज भी है. कांग्रेस को हमने समझाने की बहुत कोशिश की।वह बड़ी पार्टी है, नेशनल पार्टी है। 
 
 
 
 
 
 

Leave a comment