Chhath Puja Calender: हिंदू धर्म में छठ महापर्व का विशेष महत्व है। जिसे सूर्य उपासना, आस्था और लोक-संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। चार दिनों के इस पर्व में सूर्य देव और छठी मइया की पूरे विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस दौरान व्रती 36 घंटों का निर्जला व्रत रखती है और संतान के सुखी जीवन और परिवार की सुख-शांति की कामना भी करती है। इस साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत आज 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय खाय से हो चुकी है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान करती हैं और अरवा चावल, चना दाल और कद्दू से बना पारंपरिक खाना बनाती है। खास बात यह है कि इस त्योहार की धूम सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेश में भी इसे बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। तो चलिए छठ महापर्व के दौरान की जानी वाली पूजा यानी नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक के बारे में जानते है।
छठ महापर्व का पूरा कैलेंडर
पहला दिन - नहाय-खाय (13 नवंबर, शुक्रवार)
दूसरा दिन - खरना / लोहंडा (14 नवंबर, शनिवार)
तीसरा दिन - संध्या अर्घ्य (15 नवंबर, रविवार)
चौथा दिन - उषा अर्घ्य और व्रत पारण (16 नवंबर, सोमवार)
Also read: HOROSCOPE TODAY 13 NOVEMBER 2026, AAJ KA RASHIFAL: 13 नवंबर को कर्क राशि वाले सोच-समझकर करें खर्च, कन्या राशि की बढ़ेगी पद-प्रतिष्ठा; जानें सभी 12 राशियों का हाल
छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय
आज 13 नवंबर को छठ महापर्व का पहला दिन है, जिसे नहाय-खाय के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रती पवित्र नदी या सामान्य स्नान करती है। इसके बाद घर और रसोई की सफाई की जाती है। फिर सात्विक भोजन बनाया जाता है, जिसमें कद्दू-भात यानी कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल शामिल होता है। लेकिन ध्यान रहे कि सात्विक भोजन बिना लहसुन-प्याज के मिट्टी के चूल्हे या नए बर्तन में बनता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कद्दू को पवित्र, शुद्ध सब्जी माना जाता है, जो शरीर को ठंडक पहुंचाती है। इससे पाचन तंत्र की सेहत भी अच्छी रहती है। जिससे व्रती का शरीर 36 घंटों के कठिन और निर्जला व्रत के लिए तैयार होता है।
छठ महापर्व का दूसरा दिन खरना / लोहंडा
छठ महापर्व का दूसरा दिन खरना / लोहंडा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन शाम से व्रती का 36 घंटों का निर्जला व्रत शुरु होता है। इस दिन शाम की पूजा के लिए गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद बनता है। पूजा करने के बाद व्रती इस प्रसाद को ग्रहण करती है। जिसके बाद से असली व्रत शुरू होता है। इस दौरान परिवार और आसपास के लोगों में प्रसाद बांटा जाता है।
छठ महापर्व का तीसरा दिन संध्या अर्घ्य
छठ महापर्व का तीसरा दिन संध्या अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रती शाम के समय डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देती है। छठ पर्व का यही दिन सबसे अहम और भावुक होता है,जब व्रती अपने परिवार के साथ सूप और दउरा में ठेकुआ, फल और पूजा सामग्री लेकर घाट पर पहुंचती है। और पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूरज को अर्घ्य देती है। इस दौरान व्रती परिवार और संतान के लिए सुख-समृद्धि की कामना करती है। सबसे खास बात यह है कि इस पर्व में सबसे पहले डलते हुए सूरज को नमन किया जाता है, जो इस पर्व को कई मायनों में खास बना देता है।
छठ महापर्व का चौथा दिन - उषा अर्घ्य और व्रत पारण
छठ महापर्व का चौथा दिन उषा अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रती उगते हुए सूरज को अर्घ्य देती है और 36 घंटों के निर्जला व्रत का पारण करती है। इस दौरान छठी मइया से पूरे परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। फिर प्रसाद परिवार और पड़ोसियों में बांटा जाता है।