Double Decker Corridor: दिल्ली वालों के लिए नए साल का तोहफा तैयार हो रहा है। राजधानी को जल्द ही तीन डबल डेकर कॉरिडोर मिलने वाले हैं, जिनके खुलते ही जाम से जूझती सड़कों पर सफर बेहद आसान हो जाएगा। मेट्रो फेज-4 के तहत बन रहे इन तीनों कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है। वैसे तो इन्हें इसी साल दिसंबर तक पूरा होना था, लेकिन काम में देरी के चलते अब डेडलाइन बढ़ा दी गई है।
1. मजलिस पार्क-मौजपुर डबल डेकर कॉरिडोर
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भजनपुरा से यमुना विहार के बीच मंगल पांडे मार्ग पर 1.4 किमी लंबा डबल डेकर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। यह राजधानी का पहला एकीकृत डबल-डेकर कॉरिडोर है, जहां एक ही पिलर पर ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे फ्लाईओवर होगा।ऊपर वाले हिस्से में पिंक लाइन मेट्रो का ट्रैक है और नीचे 6-लेन का रोड फ्लाईओवर बन रहा है। इसे 291 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसके खुलते ही करावल नगर, घोंडा, बृजपुरी जंक्शन, गोकुलपुरी और खजूरी खास से सिग्नेचर ब्रिज तक का सफर आसान हो जाएगा। भजनपुरा चौराहे पर लगने वाला भयंकर जाम भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
2. एरोसिटी-तुगलकाबाद डबल डेकर कॉरिडोर
दूसरा बड़ा कॉरिडोर एरोसिटी से तुगलकाबाद के बीच बन रहा है। यह प्रोजेक्ट मेट्रो फेज-4 की गोल्डन लाइन का हिस्सा है। संगम विहार से अंबेडकर नगर के बीच बन रहे 2.4 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर 726.08 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।इस पूरे रूट पर कुल 15 स्टेशन बनेंगे, जिनमें 11 अंडरग्राउंड और 4 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। पिलर का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब डेक स्लैब का काम चल रहा है। नीचे फ्लाईओवर और ऊपर मेट्रो ट्रैक बन रहा है।
Also read: Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण ने तोड़ा रिकॉर्ड...AQI 500 के करीब पहुंचा, IIT दिल्ली और ITO में हालात सबसे ज्यादा खराब
3. जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम डबल डेकर कॉरिडोर
तीसरा कॉरिडोर आजादपुर और डेरावल नगर के बीच करीब 2.2 किमी लंबे मेट्रो-फ्लाईओवर सेक्शन में बन रहा है, जिसमें से 880 मीटर हिस्से में डबल डेकर कॉरिडोर होगा। इसमें भी ऊपर मेट्रो और नीचे फ्लाईओवर होगा।इसे बनाने में करीब 291 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इसके खुलने से पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, आजादपुर, सदर बाजार और आरके आश्रम की तरफ से आने वालों को ट्रैफिक में नहीं फंसना पड़ेगा।तीनों कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली में मेट्रो और सड़क ट्रैफिक दोनों को एक साथ रफ्तार मिलेगी।