Ranchi Protest: झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 18 दिनों से परीक्षा में हो रही धांधली के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की CBI जांच पर अड़े हैं। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने सोमवार को विधानसभा का घेराव भी किया था। इस दौरान उन पर लाठीचार्ज किया गया।
हालांकि, छात्र अब भी अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे पर झारखंड से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। भाजपा ने एक तरफ जहां झारखंड बंद बुलाया है तो वहीं, दिल्ली में भी संसद में हंगामा देखने को मिला है। वहीं, अब इस पूरे मुद्दे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा ने बयान दिया है।
क्या बोले हेमंत सोरेन?
परीक्षा में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र पर सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि हमने छात्रों की ज्यादातर मांगे मान ली हैं। राज्य की परीक्षा प्रणाली में सुधार होगा। हम सभी परीक्षाओं की जांच करवाने के लिए तैयार है। आपको बता दें कि झारखंड विधानसभा में छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर संग्राम छिड़ गया। इस बीच विधानसभा की कार्यवाही तय समय से एक दिन पहले ही अनिश्चित काल के स्थगित कर दी गई।
सोरेन ने विपक्ष पर साधा निशाना
झारखंड विधानसभा में सीएम सोरेन ने विपक्ष पर हमला बोला। सीएम सोरेन ने कहा कि कभी-कभी ये अनेक तरीके के आड़ में छुप कर बैठे रहते हैं और अलग-अलग माध्यम से अपने को जीवित रखते हैं। जैसे कुछ परजीवी लोग अपने आप को जिंदा रखने के लिए अलग-अलग चारे का उपाय किया है। ये आज छात्रों की आड़ में अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हैं।, तो मुझे भी लग रहा है कि थोड़ा बहुत इनमें रस बचा हुआ है। अगले कुछ समय के बाद वो भी खत्म होगा।
Also read: JNU Campus: JNU में उमर खालिद के समर्थन में लगे नारे, 'सारे साथी छूटेंगे' के लगाए गए नारे