Punjab News: पंजाब के पठानकोट में दो बुजुर्ग पिछले 15 दिनों से 200 फीट ऊंचे टावर पर बैठकर धरना दे रहे हैं। 82 वर्षीय शरम सिंह और 72 वर्षीय कुलविंदर सिंह ने शाहपुर कंडी डैम मैनेजमेंट के खिलाफ विरोध जताते हुए 25 अगस्त को टावर पर चढ़कर धरना शुरू किया था। दोनों प्रदर्शनकारी पठानकोट के डिप्टी कमिश्नर के आवास के पास स्थित टावर पर बैठे हैं। उनका कहना है कि डैम प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए उनसे जमीन बेहद कम कीमत पर ली गई थी। इसके बदले प्रशासन और प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों की ओर से उनके परिवार के सदस्यों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ।
प्रदर्शनकारी बुजुर्गों का आरोप है कि शाहपुर कंडी डैम के लिए उनकी जमीन महज 2,700 रुपये प्रति कनाल की दर से ली गई थी। उस समय उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि प्रोजेक्ट में उनके बच्चों को नौकरी दी जाएगी। अब वे इसी मांग को लेकर टावर पर चढ़े हैं। शरम सिंह और कुलविंदर सिंह का कहना है कि उनका मकसद किसी तरह की परेशानी पैदा करना नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए रोजगार का अधिकार हासिल करना है। उनका कहना है कि जब जमीन ली गई थी, तब किए गए वादे को पूरा किया जाना चाहिए। पिछले 15 दिनों से वह प्रदर्शन कर रहे हैं अब एक बुजुर्ग की मौजूदा हालात ठीक नहीं है और सेहत नाजुक बनी हुई है उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांग को जल्दी से मांग ले