Punjab News: पंजाब के अमृतसर के सीमावर्ती गांव सैदपुर खुर्द में आपसी रंजिश और शक के चलते 18-19 वर्षीय युवक हरप्रीत सिंह की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मृतक हरप्रीत सिंह के पिता कश्मीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा घर में सो रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परिवार के कुछ लोग उसे कथित तौर पर जबरदस्ती उठाकर छत पर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। पिता के अनुसार आरोपियों को शक था कि उनके बेटे के किसी अन्य युवक के साथ दोस्ती के जरिए उनके परिवार की लड़की से संबंध हैं। इसी शक और रंजिश के चलते हरप्रीत के साथ मारपीट की गई।
कश्मीर सिंह ने आरोप लगाया कि जब परिवार हरप्रीत को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाकर घर लेकर आया तो आरोपियों ने उनके घर के बाहर चारपाइयां डालकर रास्ता रोक दिया और उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया। पिता के अनुसार जब भी परिवार हरप्रीत को अस्पताल ले जाने की कोशिश करता, आरोपी हाथों में दरांतियां लेकर उनके घर पर हमला करने पहुंच जाते थे।
परिवार का आरोप है कि समय पर चिकित्सा सहायता और इलाज नहीं मिलने के कारण गंभीर चोटों की वजह से हरप्रीत सिंह ने दम तोड़ दिया। परिवार ने इस मामले में मंगता सिंह के बेटे सुखा, गोपा, पप्पू, रीमा और कम्मा को आरोपी बताया है। परिवार ने प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जल्द इंसाफ दिलाने की मांग की है।
वहीं, मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव सैदपुर खुर्द निवासी कश्मीर सिंह ने थाने में पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार पड़ोसी मंगता सिंह और उसके परिवार को शक था कि हरप्रीत सिंह किसी मामले में मध्यस्थता करता है। इसी शक और रंजिश के चलते 19 तारीख की रात हरप्रीत के साथ मारपीट की गई और अगले दिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं और पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।