Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में रविवार देर रात कच्चे क्वार्टर इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महावीर डेयरी में अचानक भीषण आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से हुई और देखते ही देखते आग दुकान तक जा पहुंची। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
देर रात करीब एक बजे अचानक बिजली के मीटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें महावीर डेयरी की दुकान तक पहुंच गईं। दुकान से उठता घना धुआं और आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। दुकानदार के मुताबिक, रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर निगम परिसर में खड़ी दमकल गाड़ी को मौके के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही सेक्टर-3 फायर स्टेशन से बड़ी दमकल गाड़ी भी भेजी गई।
हालांकि, बड़ी दमकल के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल प्राथमिक जांच में बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। आग से दुकान में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन बाद में किया जाएगा। सबसे राहत की बात यह रही कि देर रात लगी इस आग में किसी की जान नहीं गई।