PM Modi Holds Cabinet Meeting:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में देश में बढ़ती नशे की समस्या का जिक्र करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इस बुराई को जड़ से खत्म करना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश से नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशे की समस्या भी खत्म की जा सकती है। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में गरीबी उन्मूलन, वित्तीय सशक्तीकरण और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश के युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार और समाज दोनों की बड़ी जिम्मेदारी है। इस समस्या को केवल नियंत्रित करना ही काफी नहीं है, बल्कि इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
बैठक में प्रधानमंत्री ने गरीबी कम होने को देश की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने 2014 में सरकार बनने के बाद संसद के सेंट्रल हॉल में दिए अपने पुराने बयान को याद करते हुए कहा था कि उनकी सरकार गरीबों के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे बनाए रखना भी जरूरी है। जो लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, उन्हें दोबारा गरीबी में जाने से रोकना होगा।
भारतीयों की बचत की आदत का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में लोगों को बचत करने की आदत बनाए रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि बचत भारतीय समाज की पुरानी पहचान रही है। भारतीय समाज की सोच केवल खर्च करने और मौज-मस्ती करने की नहीं, बल्कि भविष्य के लिए पैसे बचाकर रखने की रही है।उन्होंने आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तीकरण को आने वाले समय की बड़ी जरूरत बताया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, लोगों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ भविष्य की जरूरतों के लिए भी तैयारी करनी चाहिए।
Also read: DSSSB Recruitment 2026: दिल्ली में 10वीं पास से B.Tech वालों तक के लिए नौकरी का मौका, 1,260 पदों पर निकली भर्ती