Haryana News: हरियाणा के झज्जर जिले के गांव बेरी के पास बेरी-कलानौर रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रदीप पुत्र जय भगवान निवासी गांव कानौर के रूप में हुई है। प्रदीप ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जब वह बेरी गांव के पास पहुंचा तो पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार प्रदीप वर्ष 2012 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था और हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था। वर्ष 2018 में उसकी शादी हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक 5 साल की बेटी और 3 साल का बेटा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेरी-कलानौर रोड पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
आरोपी की तालाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता जय भगवान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।