Azam Khan Release:समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के लिए 18 नवंबर का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। लंबे समय से जेल में बंद आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। गाजियाबाद की CJM कोर्ट में जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद कोर्ट ने रिहाई का परवाना डासना जेल प्रशासन के लिए रवाना कर दिया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आजम खान बुधवार शाम तक जेल से बाहर आ सकते हैं।
आजम खान की रिहाई के लिए गाजियाबाद की CJM कोर्ट में जमानत की प्रक्रिया पूरी की गई। अदालत ने 50 हजार रुपये का निजी मुचलका और 50-50 हजार रुपये के दो जमानती पेश करने की शर्त रखी थी। आजम खान की ओर से शहनवाज और जुनैद जमानती बने। दोनों की तरफ से 50-50 हजार रुपये की दो एफडी जमा कराई गईं। इसके अलावा जरूरी शपथपत्र भी दाखिल किया गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कोर्ट ने रिहाई का परवाना डासना जेल भेज दिया।
इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली थी अंतरिम जमानत
दरअसल, आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से 17 नवंबर को अंतरिम जमानत मिली थी। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। कोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आजम खान को लिखित रूप में गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इसी आधार पर अदालत ने उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर 2026 को होगी।
ED ने किया था गिरफ्तार
बता दें कि आजम खान 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा हुए थे, लेकिन जेल से बाहर आते ही ED ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में रखा गया। ED की जांच मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन के मामले में चल रही है। वहीं, ED ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस पर 19 नवंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में अब सभी की निगाहें आजम खान की डासना जेल से रिहाई और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।
Also read: UP News: 'उपद्रव से उत्सव प्रदेश' बना यूपी! CM योगी का सपा पर तंज, बोले- निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा राज्य