
Kanker Naxal Encounter: भारत में नक्सलियों के खात्में को लेकर अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले चंद महीनों में सुरक्षाबलों ने कई सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें कई बड़े नक्सली कमांडरों को मार गिराया गया। इस बीच छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार को एक और बड़ी सफलता सुरक्षाबलों को मिली है। खुफिया जानकारी के बाद पुलिस ने कांकेर जिले के छोटेबेठिया के जंगलों में सर्च अभियान शुरु किया। इसी दौरान नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ शुरु हो गई। अबतक इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। हालांकि, अभी भी ये ऑपरेशन जारी है। पूरी जानकारी ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सामने आएगी।
अभी भी ऑपरेशन जारी
कांकेर के छोटेबेठिया के जंगलों में अभी भी पुलिस का ऑपरेशन चल रहा है। अभी दो नक्सलियों को मार गिराया गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही नक्सलियों ने पुलिस को अपनी ओर आते देखा तो अचानक ही उनपर गोलियां चलानी शुरु कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग करना शुरु कर दी। इस फायरिंग में एक महिला नक्सली मारी गई। इसके साथ ही एक अन्य नक्सली भी मारा गया है। हालांकि, अभी भी ऑपरेशन जारी है। ऐसे में अभीतक इस ऑपरेशन को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है इस ऑपरेशन में अभी और नक्सली के मारे जाने की खबर सामने आ सकती है। साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हो सकती है।
31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का खात्मा
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई मंचों से यह साफ किया है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलियों का खात्मा भारत से हो जाएगा। उसको लेकर एक्शन भी देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ महीनों की बात करें तो नक्सलियों की कमर टूट गई है। बसवराजू और सुधाकर जैसे बड़े नक्सली कमांडरों को मार गिराया गया है। इसके साथ ही देश के कई जिलों से नक्सलवाद पूर्ण रूप से खत्म हो गया है। माना जा रहा है कि जिस तेजी से सुरक्षाबलों के द्वारा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है, उसको देखते हुए लग रहा है कि 31 मार्च से पहले ही नक्सलवाद का अंत हो सकता है।
Leave a comment