PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने FICCI की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन 2026 को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का अवसर विशेष है। FICCI अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। एक संस्था का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहना, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं इस अवसर पर इस संस्था का हिस्सा रहे अतीत और वर्तमान के सभी साथियों का हृदय से अभिनंदन करता हूं। सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। हमने लाइसेंस कोटा राज भी देखा, राष्ट्रीयकरण का असफल प्रयोग भी देखा और फिर 21वीं सदी में एक ऐसा भी समय आया, जब भारत की अर्थव्यवस्था को फ्रैजाइल फाइव में गिना जाने लगा। लेकिन बीते 12 वर्षों में देशवासियों ने, आप सब ने बहुत परिश्रम किया। हमारे युवाओं ने, हमारे किसानों ने, हमारे श्रमिक भाई-बहनों ने,उद्योग जगत के आप सभी साथियों ने इस स्थिति को बदला है।
12-13 वर्षों में ही 50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को पराजित किया है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत में प्रगति की गति सबसे तेज है और साथ-साथ गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी अभूतपूर्व है। वर्ल्ड बैंक की जो ताजा रिपोर्ट आई है, वो हम सभी को गर्व से भरने वाली है। ये रिपोर्ट कहती है कि सिर्फ 12-13 वर्षों में ही 50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को पराजित किया है। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में जब देश में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी करीब 50 करोड़ ही थी। गरीबी तब भी हट सकती थी, लेकिन FICCI भी साक्षी है कि तब नीतियों में कमी रही और दुर्भाग्य से नीयत में भी कमी रही। FICCI इस बात का भी साक्षी है कि जब सही नीयत से काम हुआ और सरकार सही नीयत के साथ आगे बढ़ी, तो सिर्फ 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकल आए। यह दिखाता है कि भारत आज जिस दिशा में चल रहा है, वह सही और सटीक है, और उसमें देश की सफलता की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "सोचिए, 100 साल हो गए। लेकिन 1930 में गांधी यही कहकर गए थे और आज इतने साल के बाद मुझे भी यही कहना पड़ रहा है। मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत कहकर गए थे। मेरी इस बात को भी घर-घर में पहुंचाओ।