PM Modi News: प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज (WFE) की 65वीं जनरल असेंबली और सालाना बैठक के लिए भेजे गए लिखित संदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बड़ा बया दिया। बुधवार को मुंबई में आयोजित इस बैठक के दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO आशीष कुमार चौहान ने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती हुई तकनीकें दुनिया के फाइनेंशियल मार्केट के काम करने के तरीके को तेजी से बदल रही हैं। इससे नए अवसर पैदा हो रहे हैं, लेकिन साइबर सुरक्षा, बाजार की पारदर्शिता और निवेशकों के हितों की रक्षा जैसी नई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। उन्होंने वैश्विक वित्तीय बाजारों में भरोसा बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
मोदी ने अपने संदेश में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और दूसरी उभरती तकनीकें वित्तीय बाजारों को नया स्वरूप दे रही हैं। इनके इस्तेमाल से बाजार में नए अवसर और संभावनाएं पैदा हो रही हैं, लेकिन इसके साथ साइबर सुरक्षा, बाजार की ईमानदारी और निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक बाजारों के विकास की रफ्तार तय कर सकती है, लेकिन इस पूरे इकोसिस्टम की मजबूती के लिए भरोसा सबसे जरूरी है।
वैश्विक बाजारों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के वित्तीय बाजार एक-दूसरे से तेजी से जुड़ रहे हैं। ऐसे में वित्तीय उतार-चढ़ाव और नए तरह के जोखिमों से निपटने के लिए पहले से ज्यादा तैयारी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर वित्तीय संस्थानों को मिलकर काम करना होगा, ताकि बाजार में स्थिरता और निवेशकों का भरोसा बना रहे। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन, नई तकनीक और सतत विकास के लिए लंबी अवधि की पूंजी जुटाना भी जरूरी है।
भारत के कैपिटल मार्केट की ग्रोथ का किया जिक्र
मोदी ने कहा कि वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंज की यह बैठक करीब दो दशक बाद भारत में आयोजित हो रही है। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और कैपिटल मार्केट में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कंपनियों को पूंजी जुटाने और अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिली है। वहीं, अब अधिक नागरिक म्यूचुअल फंड जैसे निवेश विकल्पों के जरिए बाजार में भागीदारी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बैंकिंग, इंश्योरेंस और डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज के विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) जैसी डिजिटल सुविधाओं ने ज्यादा लोगों को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार और निवेश प्लेटफॉर्म तक आसान पहुंच से भी कैपिटल मार्केट में लोगों की भागीदारी बढ़ी है।
फाइनेंशियल इनक्लूजन और इनोवेशन को बताया एक-दूसरे का पूरक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का अनुभव दिखाता है कि वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) और वित्तीय नवाचार (Financial Innovation) एक-दूसरे को मजबूत कर सकते हैं। तकनीक के इस्तेमाल से वित्तीय सेवाओं को ज्यादा लोगों तक पहुंचाना और निवेश के अवसर बढ़ाना संभव हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीक, वित्तीय समावेशन और बाजार में बढ़ती भागीदारी को लेकर भारत का अनुभव दुनिया के अन्य एक्सचेंजों के साथ होने वाली चर्चा में उपयोगी साबित होगा।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक यह तय कर सकती है कि वित्तीय बाजार कितनी तेजी से विकसित होंगे, लेकिन इस पूरे सिस्टम की निरंतर प्रगति के लिए भरोसा हमेशा सबसे अहम रहेगा।