दिल्ली में फिर ऑड-ईवन

दिल्ली में फिर ऑड-ईवन

राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली में एक बार फिर से ऑड-ईवन लागू किया जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि 4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच फिर से ऑड-ईवन सिस्टम लागू किया जाएगा।

दरअसल, मुख्यमंत्री ने दीपावली के बाद हर साल बढ़ने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए 7 पॉइंट का ऐक्शन प्लान तैयार किया है। इसमें से एक ऑड-ईवन पॉलिसी भी शामिल है। सरकार ने कहा है कि नियम को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा, पिछले हफ्ते खुशखबरी दी थी कि प्रदूषण 25 फीसद कम हो गया है। मगर हमें चुप होकर नहीं बैठना है। आने वाले नवंबर में दूसरे राज्यों से पराली का धुआं दिल्ली के आसपास में भी छा जाता है। उस समय क्या-क्या किया जा सकता है। इस पर जनता से सुझाव मांगे थे। 1200 सुझाव आए हैं। इसे लेकर 7 प्वाइंट का एजेंडा तैयार किया गया है। 4 नवंबर से 15 नवंबर तक ऑड-ईवन लागू होगा।

सीएम केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में दिवाली पर पटाखे नहीं छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। छोटी दिवाली पर एक बड़ा लेज़र शो आयोजित होगा। लोगों को प्रदूषण से बचने के लिए मास्क बांटे जाएंगे। दिल्ली में 12 स्थानों पर प्रदूषण अधिक है। इनके लिए अलग से प्लान बनेगा। पेड़ लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

दिल्ली में प्राइवेट बसों को प्रोत्साहित करने के लिए नीति लागू होगी। इससे बसों की संख्या बढ़ेगी। दिल्ली सरकार 10 माह के अंदर 4000 बसें स्वयं लेकर आएगी। इलेक्ट्रिक वाहन नीति जल्द लागू होगी।

Leave a comment